वृंदावन (मथुरा)। संयुक्त जिला चिकित्सालय में शनिवार को आईएमएस हेल्थ इन्फार्मेशन एंड कंसल्टिंग सर्विस इंडिया प्रा.लि. की टीम ने निरीक्षण किया। यह टीम चिकित्सालय में इलाज के लिए आने वाले रोगियों और तीमारदारों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के लिए चार दिनों तक चिकित्सालय के विभिन्न विभागों और वार्डों में निरीक्षण करेगी। इसके बाद अपनी जांच रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंपेगी।
शनिवार शाम 4:30 बजे नीता गिडवानी के नेतृत्व में आर्किटेक्ट जावेद, सिविल इंजीनियर शशिभूषण, इलेक्ट्रानिक इंजीनियर अरविंद की चार सदस्यीय टीम अस्पताल पहुंची। यहां टीम स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, रोगी प्रतीक्षालय, एसटीपी प्लांट, सीवर, कूड़ा निस्तारण, अस्पताल से प्रतिदिन निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों के निस्तारण, ओपीडी में रोगियों को टोकन सिस्टम लागू करने सहित 47 बिंदुओं पर निरीक्षण करेगी। अस्पताल के सीएमएस डा. एके गुप्ता और प्रबंधक नंदिता सिंह ने बताया कि नवंबर 2018 तक टीम के दिशा-निर्देशन में अस्पताल में रोगियों को बेहतर सुविधाएं देने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। इसमें प्रदेश सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।