एटा। मंदिर से मूर्ति चोरी के आरोपियों की तलाश में उड़ीसा पुलिस ने शहर में दबिश दी। पुलिस ने शहर के आगरा रोड से एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। वहीं शीतलपुर गांव में दबिश के दौरान कोई आरोपी पुलिस को हाथ नहीं लग सका।
उड़ीसा के बालेश्वर जिला स्थित जैन मंदिर से दशकों साल पुरानी बेशकीमती मूर्ति 26 दिसंबर 2017 को चोरी हो गई थी। बालेश्वर के बालासुर थाना प्रभारी रमेशचंद्र सिंह ने बताया कि मंदिर से चोरी मूर्ति के बारे में जांच पड़ताल में एटा जिले के चोरों द्वारा मूर्ति चोरी किए जाने की बात सामने आई। उसी को लेकर शहर के आगरा रोड स्थित द्वारिकापुरी में दबिश दी गई। यहां से सुरेश कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
इसके बाद उड़ीसा पुलिस ने कोतवाली नगर पुलिस के साथ मिलकर शीतलपुर गांव में दबिश दी। यहां से पुलिस को एक भी आरोपी हाथ नहीं लग सका। वही कोतवाली नगर प्रभारी ने बताया कि हिरासत में लिए आरोपी को उड़ीसा अपने साथ ले जाने के लिए कोर्ट से रिमांड पत्र तैयार कराया जा रहा है। इसके बाद उड़ीसा पुलिस उसे अपने साथ ले जाएगी। बता दें कि जुलाई माह में भी उड़ीसा के कटक स्थित जैन मंदिर से मूर्तियां चोरी हुई थी।