फिरोजाबाद। जिला अस्पताल के सामने स्थित नगर निगम मार्केट में रविवार की रात चोरों ने डाक्टर की क्लीनिक और चाय विक्रेता की दुकान के ताल चटका दिए। चोर क्लीनिक से पंखा और गेट उखाड़कर ले गए।
जिला अस्पताल के सामने स्थित नगर निगम की मार्केट में मथुरा निवासी गुप्त रोग विशेषज्ञ डा.राज क्लीनिक संचालित करते हैं। प्रत्येक सोमवार को क्लीनिक खुलता है। सोमवार को उनका स्टाफ जब क्लीनिक खोलने पहुंचा तो शटर खुला हुआ था। दरवाजा गायब था। अंदर रखे पंखे को चोर ले गए। वहीं थाना उत्तर के मोहल्ला जैननगर निवासी पप्पू चौधरी की चाय की दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया।
वह दुकान के सामान को जीने के रास्ते से ताला बंद करके रख गए थे। रात में चोर ताला तोड़कर जीने के सहारे ऊपर पहुंच गए। खाने पीने का सामान, भगोने और नकदी चोरी कर ले गए। थानाध्यक्ष उत्तर लोकेश भाटी ने कहा कि चोरों की तलाश की जा रही है।
जिला अस्पताल के सामने क्लीनिक पर एक बालिका की इंजेक्शन के लगाते ही मौत हो गई। घटनाक्रम सोमवार दोपहर दो बजे का है। थाना उत्तर क्षेत्र के मथुरानगर निवासी दंपति अपनी पांच वर्षीय बालिका सोना का उपचार कराने के लिए प्राइवेट चिकित्सक की क्लीनिक पर लाए थे। दंपति ने बालिका को दिखाने के बाद क्लीनिक पर तैनात फार्मासिस्ट से इंजेक्शन लगवाया।
इंजेक्शन लगने के ही साथ बालिका की मौत हो गई। बालिका की मौत होते ही दंपति का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बालिका की मौत से वहां खड़े मरीज भी सहम गए। बालिका के पिता ने कार्रवाई करने से मना कर दिया। वह बालिका के शव को लेकर घर चले गए।