फिरोजाबाद। मुस्लिम वार्डों में सफाई कर्मचारियों की कमी, जर्जर गलियां, टूटी पुलिया, नाली, खरंजा मरम्मत न कराए जाने से नाराज पार्षदों ने सोमवार को नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि 48 घंटे में समस्याओं का निदान तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
मुस्लिम पार्षद एसोसिएशन के अध्यक्ष कासिम सिद्दीकी ने कहा कि मुस्लिम वार्डों की समस्याओं के संबंध में आठ जनवरी को मेयर को ज्ञापन सौंपा गया था, परंतु आज तक किसी समस्या का समाधान नहीं किया गया। फिरोजाबाद को स्वच्छ सर्वेक्षण में नंबर एक बनाने के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, परंतु धरातल पर कोई कार्य नहीं कराया जा रहा।
मो. रिहान ने कहा कि भाजपा पार्षद वाले वार्डों में 35 से 40 तक कर्मचारी लगे हैं, जबकि वार्डों में मात्र आठ-आठ कर्मचारी दिए गए हैं। हमारी मांग है कि सभी वार्डों में बराबर कर्मचारी तैनात किए जाएं। पार्षदों ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं, परंतु मेयर ने पार्षदों से हाजिरी सत्यापित कराने का आदेश जारी कर पार्षदों व कर्मचारियों को लड़ाने कार्य किया गया।