एटा। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अधिक से अधिक मतदाता पंजीकरण के लिए चुनाव आयोग ने नई पहल की है। आयोग ने अधिक से अधिक युवाओं को मतदाता बनाने का जिम्मा हर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को सौंपा है। इसके लिए जिले के हर कालेज में मतदाता पंजीकरण कक्ष स्थापित किया जाएगा। साथ ही छात्र-छात्राओं को परिवार में 18 वर्ष की उम्र से ऊपर वाले सदस्यों के पहचान पत्र बनने का शपथ पत्र भी देना होगा।
आयोग की ओर से उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी रत्नेश सिंह ने जिला निर्वाचन अधिकारी अमित किशोर को निर्देश दिए हैं कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रत्येक कॉलेज के एक कक्ष को मतदाता पंजीकरण कक्ष के रूप में विकसित किया जाए। इसमें कालेज में उपलब्ध संसाधन कंप्यूटर, यूपीएस, इंटरनेट का प्रयोग करके मतदाताओं का आनलाइन पंजीकरण कराया जाए। साथ ही कालेज के छात्र-छात्राओं से प्रमाण भी लिया जाए कि उनके परिवार में 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके हर सदस्य का पहचान पत्र बन गया है। एक जनवरी 2018 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सदस्य का आवेदन किया जा चुका है। इसके अलावा विद्यार्थियों को प्रमाण देना होगा कि उनके परिवार के सदस्यों अतिरिक्त कोई अन्य नाम सूची में नहीं है। एडीएम महेश चंद्र शर्मा ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम 26 दिसंबर से शुरू हो गया है। बीएलओ को घर-घर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग के निर्देश के मुताबिक व्यवस्थाएं कराई जा रही हैं।