गोवर्धन पर्व शुक्रवार को उत्साह के साथ मनाया गया। प्रभुपार्क एवं माता चामुंडा मंदिर पर विशालकाय गोवर्धन सजाए गए। जगह-जगह प्रसाद का वितरण हुआ।
प्रभुपार्क में विशालकाय गोवर्धन सजाए गए। सांय के समय सजे गोवर्धन को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने गोवर्धन की परिक्रमा लगाकर जयकारे लगाए। छप्पन भोग भी लगाया गया। मंदिर पर अन्नकूट का प्रसाद वितरण हुआ। माता चामुंडा मंदिर पर भी विशाल गोवर्धन सजाया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिर में पहुंचकर परिक्रमा लगाई। मंदिर पर प्रसाद का भी वितरण हुआ। गली बोहरान स्थित गोवर्धन नाथ मंदिर पर गोवर्धन सजाया गया। मंदिर पर छप्पन भोग लगाकर अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया। मंदिरों में देर रात तक भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। इसके अलावा नगर में कई अन्य मंदिरों में गोवर्धन सजाकर अन्नकूट के प्रसाद का वितरण हुआ। प्रसाद पाने को लोग लालायित नजर आए। पर्व के चलते लोगों ने अपने घरों पर भी गोबर्धन सजाए। लोगों ने विधि विधान पूर्वक पूजा अर्चना कर अन्नकूट का भोग लगाया।
गोबर की करनी पड़ी तलाश
कासगंज। गोवर्धन सजाने के लिए शहरी क्षेत्र में लोगों के सामने गोबर की समस्या हो गई। लोगों को गोबर के लिए पशु पालकों के यहां दस्तक देनी पड़ी। पशु पालकों के यहां अधिक संख्या में लोगों के पहुंचने से गोबर की समस्या हो गई। जिससे लोग इधर उधर भटकते देखे गए।
महिलाओं ने अन्नकूट बनाकर लगाया भोग, गाए गीत
एटा। दीपोत्सव के चौथे दिन गोवर्धन महाराज की पूजा हुई। घर-घर में गोबर से गोवर्धन की आकृति बनाकर महिलाओं ने मंगल गीत गाए। वहीं मंदिरों में भी गोवर्धन की आकृति बनाई गई, जहां श्रद्धालुओं ने गोवर्धन की परिक्रमा कर मनौती मांगीं। साथ ही अन्नकूट का प्रसाद वितरण किया गया।
घरों के बाहर शुक्रवार सुबह दीपावली की पड़वा पर गोवर्धन महाराज का पूजन किया गया। इस दौरान गोबर से भगवान गोवर्धन की आकृति विधि-विधान पूर्वक गोवर्धन महाराज की पूजा अर्चना की। घर-घर अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। महिलाओं ने मंगल गीत भी गाए। साथ ही परिवार की खुशहाली की मनौतियां मांगी और सभी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। शहर के कैलाश मंदिर, सीताराम मंदिर में भंडारे में प्रसाद पाने को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।