गंगा में लो फ्लड के हालात बरकरार रहने से सोमवार को गंगा के जलस्तर में 35 सेंटीमीटर की और वृद्धि हो गई। बढ़े जलस्तर के चलते गंगा घाटों पर स्नान करने वाले लोगों के लिए चेतावनी के चिह्न लगा दिए गए हैं।
गौरतलब है कि रविवार को गंगा का जलस्तर लो फ्लड लेवल पर आ गया था। सोमवार को भी स्थिति बनी रही। रविवार का डिस्चार्ज पानी सोमवार सुबह तक कछला ब्रिज पर पहुंच गया। इससे गंगा का जलस्तर में कछला पर 163.60 के निशान पर पहुंच गया। लो फ्लड के कारण गंगा घाटों पर गंगा स्नान करने वालों के लिए बढ़ा जलस्तर परेशानी का कारण बना हुआ है। एक दिन बाद गंगा घाटों पर लोग श्राद्ध पक्ष शुरू होने पर गंगा स्नान करके पितृों का तर्पण करेंगे। ऐसे में बढ़ा जलस्तर श्रद्धालुओं के सामने परेशानी खड़ी करेगा। सिंचाई विभाग के सहायक बाढ़ प्रभारी एके सिंह का कहना है कि सोमवार को जलस्तर में वृद्धि हुई है और लो फ्लड के हालात बने हैं। हालांकि मंगलवार से जलस्तर में कुछ कमी आएगी। उन्होंने बताया कि तटवर्ती इलाकों में स्थिति सामान्य है।