कासगंज। धान की खरीद के लिए जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। किसानों की परेशानियों के मद्देनजर पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 15 फीसदी अधिक धान खरीद केंद्र खोलने की योजना हैं। वहीं मंडी परिसर में एक और क्रय केंद्र खोलने की व्यवस्था करने के निर्देश डीएम ने दिए हैं।
जनपद में तीन खरीद एजेंसी खाद्य विभाग, पीसीएफ एवं भारतीय खाद्य निगम द्वारा क्रय केंद्र खोले जाने हैं। इसके लिए 15 सितंबर तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश हैं। किसानों को धान की उपज का समर्थन मूल्य के हिसाब से मूल्य दिलाने के लिए इस बार पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक क्रय केंद्र खोलने की तैयारी है। पिछली बार खाद्य विभाग द्वारा जनपद में चार क्रय केंद्र खोले गए थे। वहीं इस बार सात क्रय केंद्र खोले जा रहे हैं। वहीं पीसीएफ द्वारा नौ क्रय केंद्र खोले गए थे लेकिन इस बार महज सात क्रय केंद्र खोलना प्रस्तावित हैं। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी जेया अहमद करीम ने बताया कि पीसीएफ को जिलाधिकारी द्वारा पिछले वर्ष से अधिक क्रय केंद्र खोलने के लिए निर्देशित हैं। खाद्य विभाग का गल्ला मंडी परिसर में एक केंद्र खोला जाना प्रस्तावित हैं। वहीं मंडी परिसर में भी एक केंद्र पीसीएफ को खोलने के निर्देश दिए गए हैं।