शिकोहाबाद। लचर व्यवस्था में तार चोरी में इजाफा होता जा रहा है। बीती रात अज्ञात चोरों ने 11 हजार केवीए लाइन के 12 खंभों के तार काट लिए। गनीमत रही कटे हुए तारों को चोर ले जाने में असमर्थ हो रहे। इससे कटे हुए तार वहीं पड़े छोड़ कर भाग गए। बिजली तार काटे जाने की वजह से कई गांवों की बिजली गुल रही। जेई अरांव नरेंद्र सिंह ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने मैनपुरी रोड स्थिति संत जनू बाबा कॉलेज से लेकर माढ़ई के बीच 12 पोलों के तार काट लिए जब तक चोर काटे हुए तार को ले जाने का प्रयास किया तभी किसी अधिकारी अथवा पुलिस गाड़ी को देख कर चोर भाग खड़े हुए, जिससे काटे हुए तार वहीं पड़े रह गए। सुबह जब ग्रामीणों ने काटे हुए तारों को देखा तो माढ़ई फीडर पर तैनात जेई नरेंद्र सिंह यादव को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे अवर अभियंता ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही घटना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। चोरों द्वारा तार काटने से माढ़ई फीडर से जुड़े कई गावों की आपूर्ति ठप हो गई है। क्षेत्रीय जनता ने विभागीय अधिकारियों से शीघ्र नई लाइन डलवाए जाने की मांग की है।