मैनपुरी। तेज हवाओं के बीच बिजली की लाइन से निकली चिंगारी से मंगलवार को थाना दन्नाहार क्षेत्र में आग की दो घटनाओं में 70 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने खड़ी फसल को रोटोवटर से जुतवाकर आग को आने बढ़ने से रोका। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।
विगत दो दिन से जिले में तेज धूप के हवाएं चल रही है। मंगलवार को तेज हवाओं के बीच बिजली की लाइन से निकली चिंगारी किसानों के लिए मुसीबत बन गई। थाना दन्नाहार क्षेत्र अंतर्गत रामनगर और रुस्तुमपुर के बीच खेतों के ऊपर से गुजर रही ट्रांसमिशन लाइन से निकली चिंगारी गेहूं के खेत में गिर गई।
इससे रुस्तुमपुर निवासी भारत सिंह, नवीचंद, पिंकी, उदयवीर, दिनेश कुमार, नरेश कुमार, श्रीदेवी, रामखिलाड़ी के खेतों में खड़ी आग की फसल जलकर राख हो गई। वहीं रामनगर निवासी अवधेश कुमार, सर्वेश कुमार, रक्षपाल सिंह, शिवमंगल सिंह, अनुज कुमार, वीरेंद्र कुमार और ओमकार के खेतों में खड़ी लगभग 60 बीघा गेहूं की फसल जल गई। आग की घटना के बाद ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना देकर रोटावेटर से गेहूं की खड़ी फसल को जुतवाकर आग को आगे बढ़ने से रोका।
इसके बाद दमकल की टीम ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। इधर, दन्नाहार क्षेत्र के गांव बरौली में हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से बरौली निवासी रोहनलाल शाक्य के खेत में खड़ी 10 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। यहां भी ग्रामीणों ने आग को आगे बढ़ने से रोकने के लिए गेहूं की खड़ी फसल को रोटावेटर से जुतवा दिया। बाद में दमकल ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।
-----
बांसक में तीन बीघा फसल जली
करहल। क्षेत्र के गांव बांसक निवासी किसान रामकिशोर के तीन बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। सूचना पर ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। हालांकि आग बुझाने से पूर्व ही रामकिशोर की तीन बीघा फसल जलकर राख हो गई।
-----
जैनखा के किसानों की 15 बीघा फसल जली
बिछवां। थाना क्षेत्र के गांव सुनामई के समीप गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से गांव नगला जैनखा निवासी विजेंद्र, मनोज और नत्थू के 15 बीघा खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जल गई।
-----
परशुरामपुर में 10 बीघा फसल जली
कुसमरा। क्षेत्र के गांव परशुरामपुर में मंगलवार दोपहर तीन बजे लल्लू और अरविंद कुमार के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। ग्रामीण आग पर काबू पाते लेकिन इससे पहले ही 10 बीघा फसल जलकर राख हो गई।