एटा। दुष्कर्म पीड़िता को आर्थिक मदद के रूप में चार लाख रुपये मिले थे। एक आरोपी ने उसके रुपये धोखे से हड़प लिए इसके बाद जब महिला ने रुपये मांगने गई तो आरोपी ने उसे घर में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पीड़िता ने अब दुष्कर्म, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना मारहरा में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पीड़िता ने बताया कि उसके साथ पिछले दिनों दुष्कर्म की घटना हुई थी। जिसमें कार्रवाई होने के बाद उसे शासन स्तर से चार लाख रुपये की आर्थिक मदद दी गई थी। शासन से मिले चार लाख रुपये उससे शंकर पाल पुत्र नन्नू सिंह ने खाते में ज्यादा रुपये होने पर पकड़ने की कह कर ले लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद जब पीड़ित महिला ने उससे चार लाख रुपये वापस मांगे तो वह उसे आजकल की कह चलता करता रहा। इसके बाद जब पीड़िता उसके घर रुपये मांगने गई तो आरोपी ने उसे घर में बंधक बना लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपी ने पुलिस को शिकायत करने पर पीड़िता को गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने थाने पहुंच कर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। वहीं थाना प्रभारी मारहरा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया लेनदेन की बात सही नजर आ रही है। महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है। दुष्कर्म की पुष्टि मेडिकल के बाद ही हो सकेगी।