एटा। होली के त्योहार को लेकर बाजार में बुधवार को भीड़ उमड़ी। पूरे दिन बाजार में लोग खरीदारी करते रहे। इस दौरान रंग, गुलाल के साथ पूजा के सामानों की जमकर बिक्री हुई। त्योहार की रौनक बाजार में देर रात तक दिखी।
होली को लेकर गुलाल और रंग समेत तमाम सामानों को खरीदने के लिए बुधवार को लोगों की भीड़ रही। लोग परिवार समेत बाजार पहुंचे और रंग के साथ गुलाल, गुब्बारे और पिचकारियां, मिठाइयां खरीदीं। बाजार में ब्रांडेड गिफ्ट पैक खूब बिके, लोग मावे की मिठाई से परहेज करते दिखाई दिए। होली पूजन और आखत डालने के लिए जौ की बालियां और गोबर के कंडे खूब बिके। भीड़ के चलते बाजार में जाम केे हालात बने रहे। ट्रैफिक पुलिस ने व्यवस्था को संभालने में खासी मशक्कत की। होली पर नए कपड़े पहनने की परंपरा के चलते गारमेंट शॉप पर ग्राहकों को जमावड़ा लगा रहा। इसके चलते व्यापारियों की चेहरे पर रौनक लौट आई और बाजार देर रात गुलजार रहे। होली के बाजार में चाइनीज चिप्स, पापड़, कचरी और नमकीन के अलावा बुधवार को पिचकारी और टोपी को लोगों ने खूब पसंद किया।
खूब उड़ा गुलाल, मचा धमाल
त्योहार पर बाजार में भी जगह-जगह जमकर रंग बरसा। दुकानदार एक-दूसरे को गुलाल और रंग लगाकर त्योहार की बधाई नजर आए। बाजार में बिखरी ग्राहकों की रौनक से व्यापारी खुश दिखाई दिए।
सौंफ, मिश्री की जमकर बिक्री
जिले में त्योहार पर लोगों का मुंह मीठा कराने के लिए सौंफ और मिश्री खिलाने की परंपरा है। इसके चलते बुधवार को सौंफ और मिश्री की खूब खरीद हुई। विक्रेता चंदन ने कहा सौंफ और मिश्री के पैकेट विभिन्न साइज में खूब बिके।
बाजार में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंध
होली पर बाजार में उमड़ी भीड़ के चलते वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहा। पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों के बाहर तैनात रहकर वाहनों को रोका।े