मैनपुरी। श्री आदर्श कृष्णा इंटर कॉलेज रठेरा में मेधावी एवं खिलाड़ी सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। जिसमें विभिन्न कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले तथा खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। मेधावी सम्मान समारोह का शुभारंभ समाज सेवी बादाम सिंह यादव ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर व माल्यार्पण कर किया। उन्होंने यूपी स्टेट वॉलीबाल में प्रतिभाग करने वाले बालक तथा बालिका वर्ग के खिलाड़ियों को किट तथा प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त कक्षा एक से 11 तक वर्ष 2018 की परीक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिन छात्रों ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया है वे बधाई के पात्र हैं। जो लोग स्थान नहीं बना सके हैं वे भविष्य में बेहतर करने का प्रयास करें। सम्मान पाकर मेधावियों के चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर प्रशासनिक प्रधानाचार्य प्रफुल्ल यादव, अजय यादव, शिवराम सिंह यादव, रामलखन यादव, सुधाकर शर्मा, शिवराज सिंह यादव, हरर्वेंद्र यादव, रामानंदन शास्त्री, सोनी यादव, अंजू यादव, प्रीती यादव आदि शिक्षक और शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।