वृंदावन (मथुरा)। वृंदावन की विधवा और बेसहारा महिलाएं रोशनी के त्योहार दीपावली पर खुशियां बिखेरने के लिए तैयारी में हैं। वृंदावन के राधा गोपीनाथ मंदिर प्रांगण में दीपावली पर्व का आयोजन होने जा रहा है। संस्था सुलभ इंटरनेशनल 4 नवंबर को शाम 7 बजे से दीपावली का आयोजन करेगा।
महोत्सव में विधवाएं और बेसहारा महिलाएं मंदिर प्रांगण में रंगोली सजाने के साथ दीये जलाकर रोशनी का त्योहार दीपावली मनाएंगी। दीपावली के मौके पर वृंदावन के आश्रय सदनों को भी सजाया जाएगा और उन पर रंग-बिरंगे दीए जगमगाएंगे।
श्रीराधा गोपीनाथ मंदिर के सेवायत राजा गोस्वामी ने बताया कि सुलभ इंटरनेशनल वृंदावन की विधवाओं और बेसहारा महिलाओं के लिए आयोजन कर रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक भी उपस्थित रहेंगे। इधर, वृंदावन के महिला आश्रय सदन में रहने वाली विधवा और महिलाएं भी दीपावली पर्व की तैयारियों में जुटीं हैं। आश्रय सदन को भी सजाने के लिए विधवाएं अपने स्तर से तैयारियां कर रहीं हैं।