मथुरा। जमुनापार के नगला कोल्हू के पास नकाबपोश बाइक सवार तीन लुटेरों ने गणपति गैस एजेंसी के कैश कलेक्शन एजेंटों से 1.60 लाख लूट लिए। सूचना पर पहुंची जमुनापार पुलिस ने लुटेरों की तलाश की, पर नाकामी हाथ लगी। शुुरुआत में सूचना 40 हजार रुपये की दी गई। एजेंट की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस की तीन टीमें लुटेरों की तलाश में जुट गई हैं।
बलदेव के पुराना बस अड्डे पर नीरज वशिष्ठ की गणपति गैस एजेंसी है। गैस एजेंसी के कैश कलेक्शन एजेंट तिवारीपुरम निवासी लालू और यमुना बिहार निवासी रवि नगला कोल्हू में सिलिंडर बेच रहे थे। शनिवार की शाम चार बजे बाइक पर आए तीन नकाबपोश लुटेरों ने हथियारों के बल पर कैश कलेक्शन एजेंट से 1.60 लाख रुपये लूटकर लक्ष्मीनगर तिराहे की तरफ फरार हो गए। सूचना पर पहुंची जमुनापार पुलिस ने लुटेरों की तलाश की, पर नाकामी हाथ लगी।
सीओ सदर प्रीति सिंह ने बताया कि शुरुआत में 40 हजार रुपये लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस को गैस एजेंसी स्वामी ने 1.60 लाख रुपये की लूट होना बताया। 191 सिलिंडरों को कैश होने की तहरीर एजेंट रवि ने दी है। मुकदमा दर्ज लिया गया है। तीन टीमें लुटेरों की तलाश में जुटी हुई हैं।
जल्द ही लूट का खुलासा करके लुटेरे सलाखों के पीछे होंगे। वहीं ढले शाम हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों का कहना है कि बाइक सवार बदमाश चेहरे पर कपड़ा बांधे थे। लूटपाट करने के बाद बड़ी तेज रफ्तार बाइक से भाग निकले। पुलिस इनकी तलाश में जुट गई है।