मथुरा। 18 अक्तूबर को भूतेश्वर रेलवे लाइन के पास मिली विवाहिता ने दूसरे दिन अस्पताल में दम तोड़ दिया। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर मारपीट कर रेलवे लाइन पर फेंकने का आरोप लगाया। पति समेत चार ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा थाना हाईवे मेें दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
थाना हाईवे के राधापुरम् एस्टेट निवासी देवस्वरूप शर्मा की बेटी मीनू का विवाह 30 सितंबर 2016 में डी-57 चंदनवन कालोनी निवासी मोहनलाल के बेटे संजयदीप से हुआ था। मायके वालों का आरोप है कि शुरू से दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट की गई। इसके चलते विवाहिता अपने मायके में रहने लगी। समझौते के बाद विवाहिता को ससुरालीजन ले गए।
पिता देवस्वरूप की माने तो 18 अक्तूबर को उन्हें खबर मिली कि उनकी बेटी नयति हास्पिटल में भर्ती है। बेटी को जाकर देखा और जानकारी जुटाई। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी से मारपीट करके ससुरालीजन भूतेश्वर रेलवे लाइन के पास फेंक गए। विवाहिता ने 19 अक्तूबर को दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
विवाहिता के पिता देवस्वरूप ने पति संजयदीप, ससुर मोहनलाल, सास प्रेमवती और जेठानी आरती के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।