मथुरा। पीडब्ल्यूडी कार्यालय में हुए हंगामे की रिपोर्ट दर्ज हो जाने के बाद सपा नेताओं के घर दी जा रही दबिश और तोड़फोड़ की पूरी दास्तां सपाइयों ने लखनऊ पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सुनाई है। अखिलेश यादव ने भरोसा दिया कि सपाइयों के खिलाफ दर्ज की गई रिपोर्ट वापस नहीं हुई तो पार्टी 20 अगस्त से प्रदेश भर में आंदोलन शुरू करेगी।
इस मुलाकात की जानकारी देते हुए यूथ के जिलाध्यक्ष सौरभ चौधरी ने बताया कि पूर्व मंत्री तेजपाल सिंह के नेतृत्व में सपा जिलाध्यक्ष तनवीर अहमद, लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष भारत भूषण शर्मा, मनीष अग्रवाल, राघवेन्द्र ठाकुर, प्रीतम चौधरी, गुड्डू खान, मुन्ना मलिक, अमित प्रधान, राजाराम शर्मा,
अंगद कुमार, महिला नेत्री साधना शर्मा, अरुण दीक्षित, भगवती चतुर्वेदी, रवि यादव, जागेश्वर यादव, मौहम्मद आरिफ, प्रवीण चौधरी, रणवीर धनगर, रघुराज यादव, ओमवीर नौहवार आदि ने मुलाकात की।
सौरभ चौधरी ने बताया कि अखिलेश यादव ने भरोसा दिया है कि 20 अगस्त से प्रदेश भर में पीडब्ल्यूडी के भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा। दर्ज रिपोर्ट जब तक वापस नहीं होती तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
शिला पट्टिकाएं पोतने के मामले की जांच शुरू
मथुरा। पीडब्ल्यूडी कार्यालय में सपा शासनकाल के विकास कार्योँ की शिला पट्टिकाएं पोते जाने के मामले की जांच एक्सईएन एसके वर्मा ने एई हेडक्वार्टर बीसी मिश्रा के नेतृत्व में गठित तीन सदस्यीय जांच टीम को सौँपी। सोमवार को एई हेडक्वार्टर ने जांच शुरू कर दी। उन्होंने निलंबित चौकीदार रामेश्वर प्रसाद, देवेंद्र कुमार व शिव सिंह के बयान दर्ज किए।
एई बीसी मिश्रा ने बताया कि जांच टीम में उनके साथ संत प्रकाश व कुंवर आशीष भी शामिल है। उधर, शिलापट्टिकाओं पर कालिख पोते जाने से सुर्खियों में आए पीडब्लूडी एक्सईएन एसके वर्मा तबादले के बाद भी जमे हुए हैं। पिछले माह के पहले सप्ताह में उनका तबादला सहारनपुर के लिए हो चुका है। पिछले वर्ष भी एक्सईएन का तबादला हुआ था, तब भी वह तबादले को रुकवाने में कामयाब हो गए थे। तबादले को एक माह से अधिक का समय गुजर जाने के बाद भी उन्हें कार्य मुक्त नहीं किया गया है।