फिरोजाबाद। जिला मुख्यालय के निकट के 33 केवी की लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण तीन सबस्टेशनों से जुड़े 100 से अधिक गांवों में चौथे दिन भी आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए विद्युत टीम देर रात तक कार्य में जुटी रही।
मौढ़ा के निकट रेलवे लाइन के नीचे दबी सालों पुरानी केबल में बुधवार को फाल्ट होने के कारण जल गई थी। इससे लुहारी, मटसेना, नगला चूरा सबस्टेशन से जुड़े 100 से अधिक गांव चार दिनों से अंधकार में डूबे हुए हैं। चार दिनों से बिजली न आने के कारण ग्रामीण बिजली-पानी संकट को लेकर त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। विद्युत विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
विद्युत विभाग ने झांसी से 33 केवी की नई केबल मंगाई, जिसमें दो दिन लग गए। जमीन से 12 फीट नीचे केबल डालने के लिए गाजियाबाद से ड्रिल मशीन मंगाई गई। आगरा के इंजीनियरों ने केबल व मशीन आने के बाद केबल बदलने का कार्य शुरू किया।
अधिशासी अभियंता ग्रामीण दुर्गा प्रसाद के नेतृत्व में अवर अभियंता धर्मेंद्र राजपूत, बबलू गौतम, रामयज्ञ मोढ़ा गांव के निकट केबल बदलवाने के कार्य में देर रात लगे रहे। एक्सईएन ने बताया कि केबल बदलने के कार्य में 25 लाख से अधिक खर्चा विभाग द्वारा किया जा रहा है। कार्य पूरी रात जारी रहेगा, सुबह तक सप्लाई सुचारू होने की उम्मीद है।