कासगंज।
नगर में जाम की समस्या से निजात पाने के लिए पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान बनाया है जो सोमवार से लागू होगा। शहर में लोग जाम की समस्या से परेशान हैं। बाजारों में स्कूली बच्चों के वाहन भी फंस जाते हैं। बाजार आने जाने वाली महिलाएं भी काफी परेशान होती हैं।
पुलिस ने नए ट्रैफिक व्यवस्था में भारी वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित किया है। डीआईजी पीयूष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बाजार की सड़कें कम चौड़ी हैं और लोग अस्थायी अतिक्रमण कर लेते हैं। रास्ते में कई जगह विद्युत पोल, टेलीफोन बॉक्स, ट्रांसफार्मर और रोडवेज बस अड्डे हैं ऐसे में जाम लगता है। जाम का कारण शहर में बढ़ रही ईरिक्शा की संख्या भी बताई जा रही है। शहर में प्रात: 8 बजे से रात्रि 9 बजे तक पूरी तरह से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को अन्य मार्गों से निकाला जाएगा।
ऐसे होगा रूट डायवर्जन
- सिकंदराराऊ की ओर से आने वाले भारी वाहन नदरई से एटा रोड बाईपास से अमरपुर होते हुए निकलेंगे।
- ओवरहाईट वाहनों को रेलवे अंडरपास से न निकलने के कारण हजारा नहर पुल से पीछे रोका जाएगा।
- एटा से आने वाले भारी वाहन मंडी बाईपास से अमरपुर होते हुए निकलेंगे।
- अलीगढ़ की ओर से आने वाले भारी वाहन थाना ढोलना से पीछे ही मुख्य मार्ग पर नो एंट्री तक रोके जाएंगे।
- बदायूं-बरेली की ओर से आने वाले भारी वाहन राज कोल्ड तिराहा से अमरपुर होकर गंतव्य को जाएंगे।