एटा। सोशल मीडिया पर भड़काऊ और सांप्रदायिक सौहार्द खराब करने वाली पोस्ट को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। एसएसपी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस को आदेश दिया है।
कोर्ट के आदेश के बाद दलित समाज के विरोध प्रदर्शन के बाद अब सवर्णों की ओर से दस अप्रैल को भारत बंद का मैसेज सोशल मीडिया पर पोस्ट और शेयर किया जा रहा है। इसे लेकर लोगों में भ्रामकता और दहशत का माहौल है। इसे लेकर एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने जिले की पुलिस को सतर्क कर दिया है। एसएसपी ने अधीनस्थों को सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने को कहा है।
एसएसपी ने सोशल मीडिया की निगरानी के लिए सर्विलांस टीम के साथ ही अन्य पुलिस टीम को लगाया है। बता दें कि विगत दो दिन से सोशल मीडिया व्हाट्सएप, फेसबुक पर दस अप्रैल को भारत बंद जैसे संदेश चल रहे है। एसएसपी ने बताया कि थाना पुलिस को भारतबंद जैसी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए है। सोशल मीडिया के साथ ही पुलिस को सादा कपड़ों में सार्वजनिक स्थलों पर भी लगाया गया है।