एटा। दिल्ली से लौट रहे दो स्नातक के छात्र सहित तीन यात्री रोडवेज बस में जहरखुरानी के शिकार हो गए। जहरखुरान उनके पास से 21 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल पार कर ले गए। बेहोशी की हालत में चालक और परिचालक ने यात्रियों को एटा बस स्टैंड पर छोड़ दिया। इधर, बेहोश यात्रियों ने राहगीरों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
अलीगढ़ के दादो निवासी राकेश पुत्र रामजीलाल, अरविंद पुत्र हरिनंदन निवासी टेरी स्टाल नवाबगंज फर्रुखाबाद और मोनू पुत्र रामू निवासी वीरपुर थाना नवाबगंज फर्रुखाबाद सोमवार देर रात दिल्ली से एक ही रोडवेज बस से घर लौट रहे थे। रास्ते में बस सवार जहरखुरान गिरोह के सदस्य ने उन्हें चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे तीनों बेहोश हो गए। इसके बाद जहरखुरान राकेश के पास से छह हजार, अरविंद से दस हजार और मोनू से पांच हजार रुपये की नकदी एवं तीन मोबाइल लेकर फरार हो गए। बस में बेहोश यात्रियों को चालक, परिचालक ने बस स्टैंड पर छोड़ दिया, जहां से राहगीरों ने तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि राकेश बीएससी द्वितीय वर्ष और मोनू बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। परीक्षा शुरू होने से पहले दोनों युवक दिल्ली में नौकरी करते थे। अपने वेतन का शेष पैसा लेकर दोनों लौट रहे थे।