सांप्रदायिक हिंसा और चंदन हत्याकांड के 21 आरोपियों की न्यायिक हिरासत की अवधि 21 मार्च तक बढ़ा दी गई है। अब तक इस मामले के किसी आरोपी को जमानत नहीं मिल सकी है।
गौरतलब है कि 26 जनवरी को नगर में तिरंगा यात्रा को लेकर हुई सांप्रदायिक हिंसा के दौरान अभिषेक गुप्ता उर्फ चंदन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या और हिंसा से जुड़े इस मामले में पुलिस ने 57 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
जेल में बंद आरोपियों सलीम, वसीम, नसीम, अक्षय खन्ना, बबलू, अकरम, इरफान, जफर, शाकिर, फैजान, अजरूद़दीन, आसिफ, मोहसिन, राहत, नसरूद्दीन, तौफिक, शमशाद, इमरान, खालिद परवेज, शाकिर मोहम्मद सिद्दिकी, नीशू उर्फ जीसान, नसीम को सीजेएम न्यायालय में न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ाई जाने के लिए पेश किया। पुलिस की प्रार्थना पर न्यायालय ने समय बढ़ाते हुए 21 मार्च तक की न्यायिक अभिरक्षा बढ़ा दी है।
हत्या व हिंसा के आरोपियों की पेशी को लेकर न्यायालय में पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा के इंतजाम किए थे। किसी को भी बंदियों के पास जाने की इजाजत नहीं दी जा रही थी। अब तक हिंसा और हत्या के सभी मामलों में 57 आरोपी जेल में बंद हैं। जिनमें से किसी को भी जमानत नहीं मिली है।