कुरावली थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार रात ट्रैक्टर ट्राली पलटने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई रेफर किया गया है।
औंछा थाना क्षेत्र के थोरबा भट्टे पर रहकर मजदूरी करने वाले मजदूर रविवार रात कुरावली बाजार करके ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर वापस भट्टे पर लौट रहे थे। कुरावली से कुछ दूर ही ट्रैक्टर निकला था कि तभी यूटी लिटी वाहन ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर और ट्राली पलट गई और सभी लोग उसके नीचे दब गए। घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे में घायल मुसाफिर मांझी (40) पुत्र सिपाही, दीपक (10) पुत्र मुसाफिर मांझी, दीवान (16) पुत्र सुरेंद्र सिंह, पवन पुत्र रामस्वरूप, राजन, केसरी देवी, मीरा देवी व एक अन्य निवासीगण थोरबा भट्टा को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। यहां डाक्टरों ने मुसाफिर व दीवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत होने पर पवन और दीपक को सैफई रेफर किया गया है।