मैनपुरी। दिल में रसूल की मोहब्बत और लबों पर दरूद शरीफ। सड़कों पर हाथों में इस्लामिक परचम लहराते हुए बढ़ते कदम। नातिया कलाम और नारे तकबीर के नारे से गूंजती फिजा। कुछ ऐसा नजारा था जश्न-ए-ईद मीलादुन्नवी पर।
शनिवार को शान-ओ-शौकत के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी पूरे शहर में निकाला गया।
नगर में पैगंबर ए इस्लाम की यौम-ए पैदाइश का जश्न मना। नूर की बारिश में नहाए सरकार के दीवानों ने एक दूसरे को मुबारकबाद दी। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। यहां जलसा- ए प्रोग्राम में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। साथ ही गरीब महिलाओं को भी आर्थिक सहायता दी गई।
नगर के आगरा रोड स्थित जामिया रशीदिया बड़ी खानकाह में ईद मीलादुन्नवी के अवसर पर सुबह नौ बजे जुलूस-ए मोहम्मदी निकाला गया। यह जुलूस नगर के बड़ा चौराहा, डाकखाना, लेनगंज, घंटाघर, संता बसंता चौराहा होते हुए वापस खानकाह पहुंचा। इस जुलूस में हुजूर आका-ए नामदार, मदीने के ताजदार सल्लल्लाहु अलेही वसल्लम, को याद करने वाले इस जुलूस में लगभग शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम सदर अमित सिंह मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त एसपी राजेश एस, एएसपी ओमप्रकाश सिंह, सीओ सिटी राजेश पांडेय, पूर्व मंत्री आलोक शाक्य, डा. संजीव यादव, डा. आरएस यादव, हरेश मिश्रा, सुधीर चौधरी, आफिज आजाद, हाफिज हारून, जीशान, हाफिज नफीस, हाफिज आमिर आदि मौजूद रहे। जलसे की निजामत मोमिन हाफिज ने तथा कार्यक्रम की जिम्मेदारी आफाक मियां ने की। वहीं रात में पूरे बड़े चौराहे ने जुलूस निकाला गया।
इस दौरान छोटे-छोटे बच्चे घोड़ों पर बैठकर हाथ में झंडा लिए चल रहे थे। गांव टिंडौली में भी बारावफात को लेकर जुलूस-ए मोहम्मदी निकाला गया। यहां मुस्लिम समाज के लोगों ने हर्षोल्लास के साथ सीरीनी आदि वितरित किया। इस अवसर पर मोहम्मद अली, मोहम्मद वकार, मोहम्मद रज्जाक, मोहम्मद शमशाद, मोहम्मद आकिल, जफरुद्दीन, इब्राहीम खां, अहमद शेर, आलमशेर आदि मौजूद रहे।
कस्बा में नबी करीम सल्लल्लाहो अलैही वसल्लम की पैदाइश की खुशी में जश्न- ईद मीलादुन्नवी का पर्व मनाया गया। जगह-जगह मिष्ठान, फल, बूंदी वितरित किए गए।
जलूस जामा मस्जिद से शुरू होकर मुख्य बाजार, बकरी मंडी कौआटोला मोटा रोड होते हुए आलीपुर पट्टी पर समाप्त हुआ। इस मौके पर वसीम अलवी, अली अफरोज मंसूरी, अमीनुउद्दीन इदरीस, जेनुउद्दीन नसीम अख्तर मुस्तफा, रज्जाक खान, चांद मियां, मेहंदी असलम मंसूरी, अब्दुल अहमद सलमान खान, सल्लू शाहजेव खान, बबलू खां, नफीस इलाही, महफूज खां, असफाक खान, बसारत खां, इमरान मंसूरी आदि शामिल थे।
कुसमरा नगर में जामा मस्जिद के निकट मोहम्मद साहब का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। जिसमें हिंदू समाज के लोगों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम संयोजक शराफत हुसैन ने हिंदू व मुस्लिम समाज के लोगों को कंबल वितरित किए।
करहल में पैगंबर ए इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन ईदमीलादुन्नवी (बारावफात) क्षेत्र में हर्षोल्लास से मनाया गया। इसके लिए नगर में सजावट की गई और जुलूस ए मोहम्मदी ने बड़ी शान के साथ भ्रमण किया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने घरों पर हरे झंडे भी लगाए।
ईदमिलादुन्नवी के मौके पर सुबह फजर के वक्त प्रभात फेरी निकाली गई। जिसमें मौलाना और नवजवान पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्म के प्रति खुशी जताते हुए जोशीले मजहबी नारे लगा रहे थे। शाम को जामा मस्जिद से जुलूस ए मोहम्मदी बहुत धूमधाम से मनाया गया।