कासगंज। ग्राम डोरई में अपनी ननिहाल आए मासूम की खेलते समय गटर के टैंक में भरे पानी में डूब जाने से मौत हो गई। उसकी मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। उनका रो रो कर बुरा हाल था।
मोहित(4) अपनी मां प्रभा निवासी जिला बुलदंशहर थाना पासऊ गांव त्यौरी अपने नाना रामौतार निवासी ग्राम डोरई के यहां आया हुआ था। वह बुधवार की सुबह खेलने के लिए घर से बाहर निकला। वह खेलते खेलते गांव के ही एक मकान के खुले गटर के टैंक में गिर गया। उसमें पानी भरा हुआ था। जब काफी देर तक बालक घर नहीं पहुंचा तो परिवारीजनों को बालक को लेकर चिंता हुई।
गांव में निर्माणाधीन मकान के टैंक में उतराता हुआ उसका शव दिखाई दिया। उसके शव को देखकर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। बालक की टैंक में डूबकर मौत होने की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को हुई तो ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। बालक के शव को टैंक से बाहर निकाला गया।