तकिया स्थित मोहल्ल रैवाड़ी स्कूल में बना मतदान केंद्र पर नहीं दिखी कोई सुविधा
एटा। मतदान केंद्रों पर सुविधाओं का अभाव है। आलम यह है कि कहीं बिजली नहीं है, तो कहीं पानी नहीं है। इसके साथ ही गंदगी के चलते लोगों की दिक्कत बढ़ने वाली है। बुधवार को अमर उजाला ने नगर पालिका क्षेत्र के मतदान केंद्रों का हाल जाना, तो चौंकाने वाले हालात सामने आए।
वार्ड संख्या 15 के अंतर्गत आने वाले मतदान केंद्र सुभाष चंद्र बोस प्राथमिक विद्यालय का हाल बेहाल है। यहां 63 और 64 नंबर मतदान स्थल बनाए गए हैं। जिसमें 2108 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। केंद्र पर शौचालय का हाल बेहाल है। हैंडपंप खराब पड़ा है। साथ ही पानी की टंकी टूटी हैं। वार्ड संख्या 12 कैलाशगंज के मतदान केंद्र संख्या 33 बैकुंठी देवी कन्या विद्या निकेतन का भी बुरा हाल है। मतदान केंद्र पर 1022 मतदाताओं को मत प्रयोग करना है। केंद्र पर गंदगी की भरमार है। आवारा जानवरों का मतदान केंद्र पर कब्जा है। साथ ही केंद्र पर बिजली की व्यवस्था बदहाल है।
वार्ड नंबर 18 के मतदान केंद्र संख्या 22 प्राथमिक पाठशाला किदवई नगर में तीन मतदान स्थल हैं। यहां 2872 मतदाताओं को मतदान का प्रयोग करना है। आलम यह है कि केंद्र पर बिजली की व्यवस्था नहीं है। साथ ही फर्श टूटा है और भवन भी जर्जर होने की अवस्था में है। यहां भी पानी की व्यवस्था एक हैंडपंप पर निर्भर है।
कार्यालय कृषि उपनिदेशक, कटरा मोहल्ला
वार्ड नंबर 22 के मतदान केंद्र संख्या 29 में चार मतदान स्थल हैं। कटरा मोहल्ला स्थित कृषि उपनिदेशक कार्यालय में 3484 मतदाता मतदान करेंगे। मतदान केंद्र के बाहर गंदगी का अंबार लगा है। इसे लेकर कई बार प्रदर्शन हो चुका है। मतदान केंद्र के बाहर पड़ी गंदगी स्वच्छ भारत मिशन की धज्जियां उड़ा रही हैं।
कार्यालय लोक निर्माण विभाग, ठंडी सड़क
ठंडी सड़क स्थित लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में वार्ड नंबर 24 के चार मतदान स्थल बने हैं। यहां 4089 मतदाताओं को मतदान करना है। मगर यहां का हाल भी बेहद खराब है। मतदान केंद्र पर बिजली का हाल खराब है। लोगों को मतदान में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।