गंजडुंडवारा में चोरी की घटना के बाद मौके का निरीक्षण करती पुलिस
गंजडुंडवारा। मोहल्ला सुदामापुरी में मंगलवार रात सराफ के मकान से लाखों के आभूषण चोरी हो गए। तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला निवासी सर्राफ श्याम प्रकाश वर्मा परिवार सहित मकान में सोए हुए थे।
मंगलवार देर रात चोर तीसरी मंजिल पर लगे जाल में रस्सी बांधकर नीचे उतर आए। नीचे की मंजिल के कमरे से अलमारी की चाबी लेकर अलमारी खोल ली। अलमारी में आभूषणों से भरा थैला रखा था, जिसे लेकर चोर मौके से फरार हो गए। जब परिवारीजन सुबह उठे तो कमरे में कपड़े बिखरे हुए थे। अलमारी खुली हुई थी।
सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सीओ कर्मवीर सिंह, कोतवाली प्रभारी व अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रिपोर्ट में अभी यह दर्ज नहीं कराया गया है कि कितनी कीमत के आभूषण चोरी हुए हैं।