फिरोजाबाद। लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का शनिवार को लगातार सातवें दिन भी कार्य बहिष्कार जारी रहा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने एलान किया मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
उप्र महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर जिला मुख्यालय पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। विकास भवन पर आयोजित कार्य बहिष्कार के दौरान सुलभ शौचालय में ताला डलवा दिया गया। टंकियों का पानी बंद कर दिया, जिससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त हो गया।
प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बावजूद आंदोलन जारी रहेगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं किसी के बहकावे में न आएं। अपनी मांगों को लेकर लड़ाई जारी रखें। मौके पर आसमा कुलश्रेष्ठ, राधा सिंह, दीपा शर्मा, आरती सक्सेना, सरोज कुमारी, सुधा शर्मा, सरला गुप्ता, अनिल शर्मा, प्रेम प्रकाश मौजूद थे।