जेई को करंट लगाने के बाद गला रेत कर हत्या
- फोटो : अमर उजाला
एटा। सिंचाई विभाग के ड्रेनेज डिवीजन में तैनात जेई सत्यम मिश्रा को करंट लगाने के बाद गला रेत कर उनकी निर्मम हत्या कर दी। मंगलवार सुबह जेई का लहूलुहान और बदबू मारता शव उनके सरकारी आवास से बरामद हुआ। बाहर से दरवाजा बंद कर हत्यारे जेई का लहूलुहान शव को कमरे में छोड़ कर फरार हो गए। जानकारी पाकर एसएसपी और सीओ मौके पर पहुंचे।
महोबा जिले के पनवाड़ी निवासी सत्यम मिश्रा (25) पुत्र राजेंद्र प्रसाद सिंचाई विभाग के ड्रेनेज डिवीजन में जेई के पद पर तैनात थे। आठ महीने जेई ने एटा में नौकरी ज्वाइन की थी। सत्यम मिश्रा अपने साथी जेई रविकांत मौर्य के साथ कासगंज रोड स्थित मंदाकिनीपुरम सरकारी आवास में रहता था। रक्षाबंधन पर रविकांत अपने घर आजमगढ़ चला गया, जबकि सत्यम अकेला रह गया था।
कालोनी के लोगों ने बताया कि रविवार देर शाम सत्यम को दूध और ब्रेड लेकर आते देखा गया था। उसके बाद किसी ने नहीं देखा। सोमवार सुबह जेई के पिता का फोन सिंचाई विभाग के अधिकारियों के पास आया कि उनके बेटे का मोबाइल बंद है और वो बात करना चाहते हैं। इस पर विभाग के प्रधान सहायक संजय चतुर्वेदी और मेठ सत्यपाल मंदाकिनीपुरम स्थित जेई के सरकारी आवास पर पहुंचे तो ताला लगा था। मेठ ने खिड़की से अंदर झांक कर देखा तो जेई की खून से लथपथ लाश विस्तर पर पड़ी थी। हत्याकांड की खबर फैलते ही कालोनी के लोगाें का जमावड़ा लग गया और पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया।
एसएसपी अखिलेश चौरसिया, सीओ वरुण कुमार और थाना कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि जेई को पहले करंट लगाया। उसके बाद गला रेतकर हत्या कर दी। शव के पास बिजली के नंगे तार पड़े थे। पुलिस ने शव पीएम के लिए भेज दिया है। एसएसपी ने बताया कि जल्द की हत्या का खुलासा करने की बात कही। परिवारीजनों को सूचना देकर बुलाया गया है। परिवारीजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी।