मथुरा। विशंभरा एनकाउंटर पर सवाल यूं ही नहीं उठ रहे हैं। पुलिस का यह पूरा आपरेशन ही संदेह के घेरे में आ गया है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब कासिम के पैर में गोली मारी गई थी तो सीने में क्यों मारी।
कासिम तो गोली लगने के साथ ही गिर गया था। कासिम की मौत के बाद पुलिस टीम का गांव से भाग खड़ा होना भी कई सवाल खड़े कर रहा है।
कुख्यात साहून को पकड़ने के लिए गांव विशंभरा में नौहझील, मांट, कोसी, सुरीर, छाता, गोवर्धन, शेरगढ़, वृंदावन, बरसाना और जैंत पुलिस के अलावा एक प्लाटून पीएसी भी पहुंची। पुलिस लाइन का रिजर्व फोर्स भी था।
इतनी फोर्स के बीच से भी साहून भाग गया। कुछ लोग तो साहून के गांव में होने से ही इंकार कर रहे हैं। जबकि कुछ लोगों का कहना है कि पुलिस का आपरेशन लीक हो गया था।
वहीं कासिम की मां मरियम का कहना है कि पैर में गोली लगने के बाद कासिम गिर गया था। फिर घिसटते हुए सीढ़ी के रास्ते मकान की छत पर पहुंच गया। वहीं पुलिस वालों से मिन्नतें करती रहीं। लेकिन पुलिस वाले छत पर पहुंच गए और उस पर गोलियां बरसा दीं।
देखें तो विशंभरा एनकाउंटर में पुलिस पूरी तरह से फंस चुकी है। साहून को पकड़ने पहुंचे पुलिस वाले भी दबी जुबान से कह रहे हैं कि कासिम धोखे में मारा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि कासिम की मां मरियम पुलिस वालों से हाथ जोड़कर बेटे की जान बख्शने की गुहार लगाती रही लेकिन पुलिस वाले गोलियां दागते रहे। पुलिस का कहना था कि कासिम साहून के साथ था और पुलिस को देखकर भाग रहा था।
पुलिस पर उसने गोलियां भी चलाई थीं। लेकिन गांववालों का कहना है कि वह तो पुलिस को देखकर एक तरफ से जा रहा था। उसी तरफ साहून भागा था, लिहाजा पुलिस ने साहून के धोखे में कासिम के पैरों में गोली मार दी।
...ये हैं सवाल....
कासिम के पैर में गोली मारने के बाद सीने में क्यों मारी गई
पैर में गोली लगने के बाद कुछ ही दूरी पर गिर गया था कासिम
पुलिस ने कासिम की मां की बात को क्यों नहीं सुनी
कासिम की मौत के बाद एनकाउंटर में शामिल टीम क्यों भागी
आखिर इतनी फोर्स मिलकर साहून को पकड़ क्यों नहीं पाई
आपरेशन साहून को अचानक क्यों बंद कर दिया गया था