आगरा। शाहगंज के खेरिया मोड़ स्थित नाले में शुक्रवार को रेलवे कर्मी की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। वह तीन दिन पहले घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। परिवारीजनों ने अनहोनी की आशंका जाहिर की है।
रसूलपुर, शाहगंज निवासी उदयभान सिंह (57) पुत्र भगवती प्रसाद रेलवे में कर्मचारी थे। ग्वालियर में तकनीकी विभाग में तैनात थे। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। परिवारीजनों ने बताया कि उदयभान मंगलवार शाम को ग्वालियर के लिए निकले थे।
इसके बाद उनका मोबाइल स्विच आफ हो गया। उनके ड्यूटी पर होने के कारण पुलिस को सूचना नहीं दी। शुक्रवार को खेरिया मोड़ में शराब के ठेके के पास नाले में शव मिला। मोबाइल और कुछ कागजात से उनकी पहचान हुई। सीओ लोहामंडी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।