आगरा। सीए का कोर्स पूरा करने के बाद आगरा, ग्वालियर, मथुरा, भरतपुर, लखनऊ, दिल्ली और कोटा के 50 नए चार्टर्ड एकाउंटेंटों को व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता की ट्रेनिंग दी जा रही है। शुक्रवार को सेक्टर दस स्थित फ्रीडम प्लाजा में इंस्टीट्यूट आफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स आफ इंडिया द्वारा 15 दिवसीय जनरल मैनेजमेंट कम्यूनिकेशन स्किल कोर्स शुरू कराया गया। इस कोर्स के बाद ही उन्हें सीए की डिग्री दी जाएगी।
कार्यक्रम का उदघाटन शाखा अध्यक्ष सीए रोहित दुआ ने किया। उपाध्यक्ष मोहनलाल कुकरेजा ने बताया कि यह कोर्स प्रतिभागियों को जिंदगी भर सहायता देगा। सचिव सुदीप जैन ने बताया कि सीए पर समाज और देश की बड़ी जिम्मेदारी होती है। एक गलत कदम से पूरे सीए प्रोफेशन पर दाग लग सकता है। कार्यक्रम में सीए अर्चित बंसल, जिज्ञासा बंसल ने संचालन किया।
ड्राफ्टिंग आफ अपील्स पर वर्कशॉप आज
इंस्टीट्यूट आफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स आफ इंडिया के बोर्ड आफ स्टडीज द्वारा सिकासा छात्रों के लिए ड्राफ्टिंग आफ अपील्स विषय पर शनिवार सुबह 9:30 से शाम 4 बजे तक वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। संजय प्लेस स्थित शाखा कार्यालय में आयोजित वर्कशॉप में सीए कपिल गोयल और राजेश मल्होत्रा सीए छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे।
एक अगस्त को आएगा आईपीसी रिजल्ट
मई में संपन्न हुई चार्टर्ड एकाउंटेंट इंटरमीडिएट परीक्षा (आईपीसी) का परिणाम एक अगस्त को शाम 6 बजे आएगा। मेरिट में 55 फीसदी से ज्यादा अंक पाने वाले और देश भर में 50 वीं रैंक तक के अभ्यर्थियों के नाम इंस्टीट्यूट की वेबसाइट पर होंगे। इस परीक्षा में देश भर के 443 सेंटरों पर करीब 2,07,577 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। विद्यार्थी अपने परिणाम के लिए वेबसाइट पर क्लिक कर सकते हैं, वहीं उनके ई-मेल पर रिजल्ट के लिए रजिस्ट्रेशन कराना होगा।