आगरा। केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड पर गंगाजल की पाइप बिछाने की वजह से पहले ही सड़क को खोदने का काम चल रहा है। इस वजह से लोगों को परेशानी हो रही है।
अब नई परेशानी जल निगम की सीवर लाइन लीक होने की वजह से खड़ी हो गई है। सड़क पर गहरा गड्ढा हो गया है। इस वजह से एक तरफ की सड़क आवागमन के लिए बंद करनी पड़ी है।
जलकल विभाग के प्रभारी जीएम चंदन सिंह ने बताया कि नगला बूढ़ी एसटीपी तक सीवेज को पहुंचाने के लिए यहां जलकल विभाग की यमुना एक्शन प्लान इकाई की लाइन बिछी हुई है। यह लाइन लीक हो गई थी। इसकी वजह से गहरा गड्ढा हो गया और सड़क धंस गई।
जल निगम की टीम ने लाइन जोड़ने का काम शुरू कर दिया है। कहीं कोई हादसा न हो, इस वजह से एक तरफ की सड़क को बंद कर दिया गया है। लाइन को ठीक करने में कम से कम तीन दिन लगेंगे।