विशेष लोक अदालत में 52 मुकदमे निपटाए गए
- बिजली विभाग ने 70 हजार रुपये में समझौता किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। बिजली चोरी के मुकदमे समझौते से निपटाने के लिए विशेष लोक अदालत के दूसरे दिन मंगलवार को मुकदमों की सुनवाई करके 52 मुकदमों का निस्तारण किया गया। स्पेशल जज ईसी एक्ट मीता सिंह के न्यायालय में लगी विशेष लोक अदालत में बिजली विभाग ने 70432 रुपये में समझौता किया।
मंगलवार को स्पेशल जज ईसी एक्ट मीता सिंह, अपर जिला जज प्रथम मुनव्वर जहां, स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट जितेंद्र मिश्रा की देखरेख में विद्युत वितरण खंड तृतीय के बिजली चोरी के सूचीबद्ध मुकदमों की सुनवाई की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/ जिला जज सुधीर कुमार की देखरेख में विद्युत वितरण खंड तृतीय के थाना करहल, बरनाहल, घिरोर, कुरावली, औंछा और दन्नाहार क्षेत्र के बिजली चोरी के सचीबद्ध मुकदमों की सुनवाई की गई।
विशेष लोक अदालत में विद्युत निगम के अधिवक्ता देवेंद्र कटारिया की पहल पर प्री लिटिगेशन के 26 मुकदमों में 25327 तथा लंबित 26 मुकदमों में 45105 रुपये में बिजली विभाग ने आपसी सहमति से समझौता किया। बिजली विभाग के धर्मेंद्र यादव, आदित्य कुशवाहा, रनवीर सिंह, पीएलवी आरती राजपूत, रामरतन, देवेंद्र सिंह मौजूद रहे।
आज होगी अंतिम सुनवाई
विद्युत वितरण खंड प्रथम, द्वितीय और तृतीय के शेष मुकदमों की विशेष लोक अदालत के अंतिम दिन सुनवाई होगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव/सिविल जज ने बताया कि अंतिम दिन उन सूचीबद्ध मुकदमों की सुनवाई की जाएगी। जिनमें पहले दो दिन समझौते के आधार पर निस्तारण नहीं किया जा सका है।