मजिस्ट्रेट के साथ तैनात पुलिस कर्मियों से मारपीट
- फोटो : अमर उजाला
एटा। लोकसभा चुनाव में शांति व्यवस्था और आचार संहिता का पालन करने के लिए फ्लाइंग मजिस्ट्रेट चेकिंग कर रहे थे। थाना जसरथपुर क्षेत्र के भनऊघाट के पास एक कार रोकी लेकिन कार चालक कार भगा ले गया। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ साथ आए और आते ही उन्होंने फ्लाइंग मजिस्ट्रेट के साथ अभद्रता करते हुए पुलिस कर्मियों को पीटना शुरू कर दिया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया।
जिला उद्यान विभाग में तैनात इंस्पेक्टर शिवराज सिंह को लोकसभा चुनाव में फ्लाइंग मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात किया गया है। वह अलीगंज क्षेत्र के जसरथपुर थाना क्षेत्र के भनऊघाट पर मजिस्ट्रेट जसरथपुर पुलिस के साथ चेकिंग कर रहे थे। उसी समय वहां से इंडिका कार गुजरी। जिसे टीम ने रोकने का प्रयास किया। हालांकि चालक ने वाहन को नहीं रोका और वहां से कार को भगा ले गए। इंस्पेक्टर शिवराज सिंह ने बताया कि कुछ समय बाद वही कार सवार पांच लोग और बाइक पर सवार होकर तीन लोग उसी जगह पहुंच गए। जहां कार और बाइक सवार लोगों ने टीम के साथ गाली गलौज करनी शुरू कर दी। इसका टीम में शामिल एसआई और दो सिपाहियों ने विरोध किया। इससे बौखलाए आरोपियों ने पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इसकी जानकारी टीम के लोगों ने जसरथपुर पुलिस के साथ ही क्षेत्राधिकारी को दी। सूचना मिलने के बाद जसरथपुर पुलिस के साथ ही नयागांव पुलिस और क्षेत्राधिकारी अजय भदौरिया मौके पर पहुंच गए। इससे पहले ही आरोपी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। वहीं मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए फ्लाइंग मजिस्ट्रेट ने थाना जसरथपुर में तहरीर दी है। जिस पर पुलिस जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
वर्जन
जिन लोगों ने टीम के साथ अभद्रता की है उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर सर्किल के थानों का फोर्स और क्षेत्राधिकारी को भेजा गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
स्वपनिल ममगाई, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एटा