एटा। दिवाली त्योहार पर खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी की सूचना पर रविवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में टीम ने पीपल अड्डा स्थित दो गोदामों पर छापेमारी की। जहां से रासायनिक पदार्थ बरामद किए गए। मिलावटखोरी की आशंका पर एक गोदाम को सीज कर दिया गया। जबकि गोदाम में बन रहे खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और एसडीएम महेंद्र सिंह तंवर को सूचना मिली कि पीपल अड्डा स्थित एक डेयरी पर नकली घी बनाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल एसडीएम ने संज्ञान लिया। उन्होंने पीपल अड्डा स्थित बालाजी सीमेंट स्टोर पर छापा मारा। जहां उन्हें दूध और घी बनाने के उपकरण और सामान मिले। साथ ही एक भट्ठी पर दूध से उबलता हुआ मिला। बताया जाता है कि यह गोदाम जितेंद्र पुत्र रनवीर का है।
यहां से दूध और घी के नमूने लिए गए। इसके बाद दीपक वनस्पति स्टोर पर छापा मारा गया। जहां से हाइड्रोजन पराक्साइड और लिक्विड डिर्टजेंट के 4-4 ड्रम बरामद किए गए। आशंका जताई जा रही है कि यह रासायनिक पदार्थ मिलावटखोरी के लिए स्टॉक किए गए होंगे। एसडीएम ने गोदाम को सीज करा दिया है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और एसडीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि मिलावटखोरी की सूचना पर छापेमारी की गई है। संदिग्धतता प्रतीत होने पर सैंपल लिए गए हैं। एक गोदाम को सीज किया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान तहसीलदार दुर्गेश यादव, जिला अभिहित अधिकारी जेपी तिवारी, लेेखपाल रामखिलाड़ी मौजूद रहे।
----------------