प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में स्वच्छता सेवा अभियान चलाया जा रहा है। आगरा में शनिवार को एससी आयोग के अध्यक्ष सांसद रामशंकर कठेरिया ने ताजमहल के पश्चिमी गेट से अभियान का आगाज किया।
रामशंकर कठेरिया ने उसी स्थल से अभियान का आगाज किया था जहां पिछले वर्ष में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफाई की थी। पश्चिमी गेट पार्किंग में सुबह कार्यकर्ता पहुंचे। सांसद और अन्य नेताओं ने सफाई के नाम पर पहले तो खानापूर्ति की लेकिन जब भीड़ में से टीका टिप्पणी होने लगी तो गंभीरता से सफाई की।
सांसद कठेरिया ने अपने हाथ से नाली में पड़े कूड़े को निकाला। पार्किंग से लेकर पश्चिमी गेट की टिकट खिड़की तक सफाई की गई। अभियान में विधायक डा. जीएस धर्मेश, महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे, अनिल चौधरी, मनीष गौतम, शरद चौहान, शोभाराम राठौर, मोहन सिंह लोधी, राधिका अग्रवाल, गुड्डू राठौर, जगदीश पचौरी, अश्वनी वशिष्ठ, संजीव चौबे, हेमंत भोजवानी, रश्मि सिंह, भानु महाजन, भरत शर्मा, बाबी वर्मा, दिनेश अगरिया आदि मौजूद रहे।
स्वच्छता की दिलाई शपथ
उधर, स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम सूरसदन प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया। इसमें मुख्य विकास अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने स्वच्छता की शपथ ग्रहण करवाई। ओडीएफ घोषित हो चुकीं 153 ग्राम पंचायतों के स्वच्छाग्राहियों को पांच हजार रुपये के चेक वितरित किए गए।
इस मौके पर सीडीओ ने गांवों में स्वच्छता के महत्व को प्रसारित करने में पंचायतीराज विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों के साथ ही प्रधान, बीडीसी सदस्य और स्वच्छाग्राही की भूमिका पर रोशनी डाली। बताया कि दो अक्टूबर तक स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाएं। प्रत्येक व्यक्ति इस मुहिम से जुड़े और श्रमदान करे। शौचालयों का निर्माण करवाएं। अगले एक पखवाड़े में हर ब्लाक में जीओ टैगिंग को अस्सी फीसदी तक करें।
उन्होंने शौचालयों का प्रयोग करने के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित करने के लिए कहा, ताकि खुले में शौच के अभिशाप से मुक्ति मिल सके। इस मौके पर पंचायतीराज अधिकारी जगदीशराम गौतम, खंड विकास अधिकारी, प्रधान और स्वच्छाग्राही मौजूद रहे।
कैंट स्टेशन पर सफाई
आगरा कैंट स्टेशन पर स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े की शुरुआत की गई। आगरा रेल मंडल में पखवाड़े की शुरुआत प्रभात फेरी से की गई। इसमें मंडल रेल प्रबंधक रंजन यादव, अपर मंडल रेल प्रबंधक डीके सिंह, सीनियर डीसीएम आशुतोष सिंह, डीसीएम डॉ. संचित त्यागी समेत अन्य अधिकारियों ने फेरी निकालकर रेलवे कालोनियों में भ्रमण किया और स्वच्छता का संदेश दिया।