जैथरा। जसरथपुर क्षेत्र के पिंजरी गांव में पूर्व प्रधान सहित तीन घरों से चोर बीस लाख से अधिक की चोरी करके ले गए। जबकि शहर के द्वारिकापुरी में रहने वाले अधिवक्ता के घर से चोर ताले तोड़कर दो लाख 70 हजार रुपये की नकदी, रायफल के 25 कारतूस और जेवरात साफ करके ले गए। घटना की जानकारी पाकर पिंजरी में एएसपी, सीओ के साथ ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव पिंजरी निवासी वीरेंद्र सिंह पूर्व प्रधान है। रात को परिजनों के साथ वह घर के अंदर सो रहे थे। उसी समय रात को चोर उनके घर में घुस गए। जहां से चोर 18 लाख रुपये की नकदी और जेवरात साफ करके ले गए। पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने अपना खेत बेचा था। उसके 18 लाख रुपये घर में रखे हुए थे। इसी मौके पर चोरों ने पिंजरी के ही महेंद्र पुत्र रामविलास और उसके भाई यतेंद्र के घर पर भी धावा बोला। जिसके दौरान चोर एक लाख 28 हजार रुपये की नकदी और हजारों के जेवरात साफ करके ले गए। इस तरह से एक ही रात में चोर तीन घरों से बीस लाख से अधिक की चोरी करके ले गए। जिसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला द्वारिकापुरी निवासी अधिवक्ता सचित यादव पुत्र शेरसिंह मकान में ताला लगाकर संबंधी की मौत हो जाने पर वह आगरा गए थे। उसी समय रात को बदमाशों ने उनके मकान में लगे ताले तोड़ दिए। इसके बाद चोर घर के अंदर रखी दो लाख 70 हजार रुपये की नकदी और हजारों के जेवरात चोरी करके ले गए। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अधिवक्ता ने कोतवाली नगर में तहरीर दी है।
मिरहची में चोरी का खुलासा नहीं
एटा। कस्बा मिरहची के मोहल्ला गंगापुर निवासी जीवाराम, तेजपाल और ब्रह्मदत्त के घर से चोर डेढ़ लाख रुपये की नकदी और जेवरात सहित अन्य सामान चोरी करके ले गए थे। इसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। इतना ही नहीं पुलिस ने पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में भी लिया था। इसके बाद भी पुलिस ने घटना का खुलासा नहीं कर पाया है। जिसे लेकर पीड़ित लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त है।