नोटबंदी के दौरान रिजर्व बैंक को वापस भेजे गए नोटों में बैंक मैनेजरों ने नकली नोट भी खपा दिए। भारतीय स्टेट बैंक की गंजडुडवारा शाखा से आरबीआई को भेजे गए नोटों में नकली नोट निकले। आरबीआई कानपुर के दाबा अनुभाग प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
नोट बंदी के बाद बैंक शाखाओं में जमा किए गए 500 व 1000 रुपये के पुराने नोटों को आरबीआई भेजने में खेल कर दिया। शाखाओं से नकली नोट भी आरबीआई को भेज दिए गए। आरबीआई से इन नोटों की जांच पड़ताल की जा रही है। भारतीय स्टेट बैंक की गंजडुडवारा शाखा ने भी जमा किए काफी नोट आरबीआई कानपुर को भेजे। जब इन नोटों की आरबीआई ने जांच पड़ताल की तो उसमें 15 नोट 500 के नकली निकले। इसके बाद दावा अनुभाग निर्गम विभाग कानपुर के प्रबंधक सत्य कुमार ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज कराने को पुलिस अधीक्षक के पास तहरीर भेजी। पुलिस अधीक्षक ने तहरीर के आधार पर थाना प्रभारी को तत्कालीन शाखा प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने एसपी के निर्देश पर मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।