सरकार के एक साल होने पर उपलब्धियां गिनाने पहुंचे प्रभारी मंत्री सुरेश पासी ने सोरों को तीर्थस्थल घोषित कराने का दावा किया। हालांकि कब तक घोषित करेंगे, इस बारे में कोई समयसीमा नहीं बनाया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यह घोषणा करेंगे। वह क्षेत्र की जनता को बस यह भरोसा देना चाहते हैं कि सोरों तीर्थस्थल बनेगा। लंबित चल रहे कैनाल रूट बाईपास के निर्माण में शासन के द्वारा बजट न जारी करने पर सवाल पूछा। इस पर प्रभारी मंत्री ने बताया कि बाईपास निर्माण के लिए भी बजट जारी हो रहा है और अप्रैल माह में बाईपास का निर्माण पर भी काम शुरू होगा। नगर के लोगों को बाईपास का निर्माण न होने से यातायात के संचालन में हो रहीं समस्याओं पर सदर विधायक देवेंद्र राजपूत और भाजपा जिलाध्यक्ष पूर्णेंद्र सोलंकी ने भी समस्या को गंभीर बताया। प्रभारी मंत्री ने इसके बाद सरकार की कुछ योजनाएं गिनाते हुए कहा कि कौशल विकास योजना में प्रदेश के दो लाख युवाओं को रोजगार मिला है। प्रत्येक गांव में युद्ध स्तर पर स्वच्छ शौचालय बनाए जा रहे हैं। मृदा परीक्षण कराकर किसानों की आय दुगुनी करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब एनसीआरटी की पुस्तकें सरकारी विद्यालयों में चलाई जाएंगी। जिससे गरीब बच्चे भी आगे बढ़ सकेंगे। जो परिवार बीपीएल सूची से छूटे हुए हैं अब उन्हें भी मुख्यमंत्री आवास योजना से आच्छादित किया जायेगा। प्रदेश के 62 जिलों के अस्पतालों में बर्न यूनिट स्थापित की गई है।