राया (मथुरा)। मथुरा-कासगंज रेलमार्ग पर शुक्रवार की रात राया में मांट रोड पर बेकाबू ट्रक ने रेलवे फाटक तोड़ दिया। इससे रात को गुजरने वाली तीन ट्रेनें और एक मालगाड़ी प्रभावित हुई। रात को ढाई बजे फाटक को सही किया जा सका। इससे मांट में वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इस मामले में ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
शुक्रवार रात्रि 11:05 बजे कासगंज से मथुरा आ रही फास्ट पैसेंजर ट्रेन को राया आना था। इसके लिए राया कस्बे में रात्रि 11 बजे मांट रोड पर फाटक को गेटमैन मुकेश कुमार ने बंद कर दिया। इसी दौरान मांट की ओर से तेज गति से आए ट्रक ने फाटक में टक्कर मार दी और फाटक तोड़ दिया। जब शोर मचा तो चालक ट्रक को लेकर भाग गया। गेटमैन ने इसकी सूचना तत्काल आरपीएफ और राया स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने फाटक से पहले ट्रेन को रोक दिया और आरपीएफ ने जंजीर डालकर ट्रेनों को गुजारा। इसके कारण 24 मिनट तक फास्ट पैसेंजर खड़ी रही।
इसके बाद रात्रि 12 बजे रामनगर से बांद्रा जा रही रामनगर बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन को भी जंजीर डालकर गुजारा गया। यह ट्रेन 15 मिनट तक खड़ी रही। 12:30 बजे कासगंज की ओर जा रही छपरा एक्सप्रेस को भी जंजीर लगाकर गुजारा गया। यह ट्रेन 12 मिनट तक राया स्टेशन पर खड़ी रही। रात्रि दो बजे बीएमसी मालगाड़ी के आने पर उसे भी जंजीर डालकर गुजारा गया। मालगाड़ी आठ मिनट तक खड़ी रही। रेलवे इंजीनियरों ने देर रात्रि 2:30 बजे फाटक को सही कर दिया। फाटक टूटने के चलते मांट रोड़ पर दो किलोमीटर तक जाम लग गया। इस मामले में गेटमैन ने ट्रक चालक के खिलाफ आरपीएफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कैंट स्टेशन के आरपीएफ प्रभारी केके सिंह ने बताया कि ट्रक चालक द्वारा टक्कर मार देने से 343 गेट टूट गया था। तीन सवारी गाड़ी और एक मालगाड़ी प्रभावित हुई थी। ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।