एटा। दहेज की खातिर महिला की आग लगाकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की रिपोर्ट मृतका के पिता ने थाना निधौलीकला में पति सहित छह लोगों के खिलाफ दर्ज कराई है।
थाना निधौलीकलां क्षेत्र के गांव मनोरा निवासी शीतल (25) की शादी दो साल पहले इसी थाना क्षेत्र के गांव रशीदपुर निवासी अवनेश के साथ हुई थी। सोमवार दोपहर को अपनी ससुराल में मौजूद थी। आरोप है उसी समय ससुरालियों ने दहेज की खातिर महिला को आग लगा कर उसकी हत्या कर दी थी।
इसकी जानकारी जब मायके वालों को हुई तो वे रोते बिलखते हुए मौके पर जा पहुंचे और घटना से निधौलीकलां पुलिस को अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वही घटना की रिपोर्ट मृतका के पिता ओमपाल ने थाना निधौलीकलां में पति ससुर ओमवीर, सास शीलादेवी सहित छह लोगों के खिलाफ दर्ज कराई है।
दो घंटे में ही तय हो गया मौत का सफर
आग लगाकर मौत के घाट उतारी गई शीतल पिछले दिन अपने मायके गई थी। रविवार को मायके में एक तेरवी का कार्यक्रम था। जिसमें शामिल होने के लिए उसका पति अवनेश उसके गांव गया था।
जहां से सोमवार को करीब 11 बजे वह शीतल को अपने साथ ससुराल लेकर आया था। ससुराल पहुंचने के बाद करीब एक बजे उसकी सांसे थम गई। इस तरह से शीतल ने मायके से ससुराल तक महज दो घंटे में ही मौत का सफर तय किया।