बिछवां (मैनपुरी)। सुल्तानगंज में झूठी शान के लिए भाई ने ही बहन चीनी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। घिनौने कृत्य को छिपाने के लिए उसने ही आत्महत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस भी अब ऑनर किलिंग की बात स्वीकार कर चुकी है। एएसपी ने बताया कि भाई के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सुल्तानगंज गांव निवासी पप्पू चक की 21 वर्षीय पुत्री चीनी की संदिग्ध परिस्थिति में नौ जनवरी की रात मौत हो गई थी। युवती के भाई ने पुलिस को बहन द्वारा आत्महत्या करने की बात बताई थी। बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की बात सामने आई। इस पर पुलिस ने जांच शुरू की तो मामले में मृतका का भाई हत्या में शामिल मिला। पुलिस ने भाई राहुल के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। वहीं सहयोगियों के बारे में पता लगाकर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की बात कह रही है।
यह था मामला
मृतका चीनी के प्रेम संबंध गांव के ही एक युवक के साथ थे। यह बात घरवालों को पसंद नहीं थी। इस वजह से उसकी दूसरी जगह शादी कर रहे थे। कई बार उसके साथ पहले भी मारपीट की गई। बताते हैं कि घटना के दिन चीनी फोन पर बात कर रही थी। यह देखकर भाई आपा खो बैठा। मारपीट करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। चीनी की हत्या के बाद उसका शव को चोरी छिपे दफनाने की भी तैयारी की जा रही थी। इस बीच प्रेमी ने पुलिस को फोन कर हकीकत बता दी थी। इस वजह से हत्या का ये राज दफन नहीं हो सका।
कोट
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर मामला ऑनर किलिंग का है। मृतका के भाई के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। अन्य लोगों की संलिप्तता के बारे में जांच की जा रही है।
ओमप्रकाश सिंह, एएसपी मैनपुरी