फिरोजाबाद। थाना उत्तर के सिटी प्लाजा मार्केट में एक युवक की सर्दी से मौत हो गई। मंगलवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पीएम के लिए भेजा। परिजन शनाख्त के बाद पोस्टमार्टम कराए बिना शव घर लेकर रवाना हो गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
थाना उत्तर क्षेत्र के अंतर्गत सिनेमा चौराहे के समीप सिटी प्लाजा मार्केट में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष उत्तर लोकेश भाटी ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल अज्ञात शव पहुंचते ही परिजन आए गए।
परिजनों ने शव की शनाख्त थाना रसूलपुर क्षेत्र के नगला बरी के समीप निवासी बली अख्तर (35) पुत्र मुन्ना खां के रूप में की। परिवारीजनों ने बताया कि युवक चूड़ी जुड़ाई का काम करता था। सोमवार शाम घर आने के बजाय सिटी प्लाजा मार्केट में जाकर सो गया। इसके कारण सर्दी लगने से उसकी मौत हो गई। परिवारीजन पोस्टमार्टम कराए बिना शव घर ले गए। युवक की अचानक मौत से परिवारीजनों में मातम पसर गया है।
चार दिन पूर्व थाना रामगढ़ क्षेत्र में सैलई चौराहा स्थित स्कूल के पास एक युवक की सर्दी के ही चलते मौत हो गई थी। थाना पुलिस ने उनकी शनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। थानाध्यक्ष रामगढ़ भानुप्रताप सिंह ने कहा कि सर्दी से अज्ञात युवक की मौत हुई थी। तीन दिन बीतने के बाद शनाख्त नहीं होने से शव का अंतिम संस्कार करा दिया था।