जलेसर। निकाय चुनावों को लेकर चल रहे नामांकन के बाद प्रत्याशियों के चेहरे जनता के सामने हैं। अब नामांकन के बाद प्रत्याशी चुनावी घोषणाओं की तैयारी में जुटे हैं। भाजपा के बागी और पूर्व पालिकाध्यक्ष भी जनता से अपने कार्यकाल में किए विकास कार्य याद दिला रहे हैं। आइए जानते हैं अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के क्या हैं वायदे...।
भाजपा प्रत्याशी विकास मित्तल कहते है कि भ्रष्टाचार को खत्म कर जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मोहम्मद हनीफ उस्मानी ने कहा कि दो बार सभासद रहते हुए वार्ड में ईमानदारी से विकास कार्य कराए हैं। हिंदू मुस्लिम एकता की मिसाल कायम करेंगे।
बसपा प्रत्याशी संजय मिश्रा ने बताया कि नगर में सीसीटीवी कैमरे, इंडोर स्टेडियम, स्लॉटर हाउस, सागर ताल पर गरीबों के आवासों का निर्माण कराएंगे।
पीस पार्टी के प्रत्याशी एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह हैप्पी कहते हैं कि निवर्तमान कार्यकाल में नगर का चहुंमुखी विकास किया था। चुनाव जीते तो अधूरे विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।
कांग्रेस प्रत्याशी संजू रजा ने बताया कि नगर की जनता की सेवा करते आए हैं और आगे करते रहेंगे। वहीं विकास कार्य ईमानदारी से कराएंगे। भाजपा के बागी प्रत्याशी मनोज बजरंगी का कहना है कि तीस वर्षों से गरीब जनता की समस्याओं का समाधान कराते आए हैं। जनता ने सेवा का मौका दिया तो नगर में ईमानदारी से विकास कार्य करते रहेंगे।
सामान्य सीट से तीन बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पालिकाध्यक्ष रहे केजी वार्ष्णेय का कहना है कि अपने कार्यकाल में ईमानदारी से विकास कार्य कराए थे। मौका मिला तो उसी प्रकार से विकास कार्य करायेंगे। आप पार्टी के प्रत्याशी सोरस अली का कहना है कि इमानदारी से विकास कार्य करायेंगे। जनता की समस्याओं का हर संभव समाधान कराएंगे।