आगरा। उत्तर प्रदेश बालक-बालिका 63वीं माध्यमिक विद्यालयीय जिमनास्टिक प्रतियोगिता में आगरा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
एकलव्य स्टेडियम में शुरू हुई प्रतियोगिता के पहले दिन टेबिल वॉल्ट में आगरा की गरिमा सोनी पहले, हर्षिता यादव दूसरे और गोरखपुर की अंकिता तीसरे स्थान पर रहीं। अनीवन बार्स में आगरा की तनु राजपूत प्रथम, हर्षिता यादव द्वितीय और गोरखपुर की अंकिता तृतीय रहीं। बीम में आगरा की अवंतिका वर्मा पहले, गरिमा सोनी दूसरे और गोरखपुर की साधना चौहान तीसरे स्थान पर आईं।
फ्लोर एक्सरसाइज में आगरा की गरिमा सोनी पहले, हर्षिता यादव दूसरे और इलाहाबाद की तनिष्का साहू तीसरे स्थान पर रहीं। व्यक्तिगत ऑल राउंड चैंपियनशिप में आगरा की तनु राजपूत प्रथम, गरिमा रॉय द्वितीय और गोरखपुर की अंकिता तृतीय रहीं।
मुख्य अतिथि एससी आयोग के अध्यक्ष सांसद डा. रामशंकर कठेरिया ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। क्रीड़ा सचिव डा. अनिल वशिष्ठ ने रिपोर्ट प्रस्तुत की। डीआईओएस द्वितीय राजेश कुमार ने धन्यवाद दिया। उपशिक्षा निदेशक डा. आरपी शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन डा. तरुण शर्मा, रीनेश मित्तल ने किया। इस मौके पर डा. चतुर सिंह, डा. वाईपी सिंह, डा. एसके सिंह, डा. बीपी सारस्वत, डा. अतुल जैन, डा. जीएस श्रीवास्तव, डा. नवीन कांत शर्मा, पंकज शर्मा, हरिओम सविता, संजय नेहरू, राजेश गुप्ता मौजूद रहे।