मथुरा। वृंदावन के केशवधाम में एक सितंबर से तीन सितंबर तक होने वाली आरएसएस की समन्वय समिति की बैठक में भाजपा के सभी 281 सांसदों के काम की समीक्षा होगी। इसमें संघ और संघ से जुड़े 40 संगठनों के पदाधिकारी अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे। संघ के प्रचारक पिछले डेढ़ साल से सांसदों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर रहे हैं।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक की समन्वय समिति की बैठक में देश भर से संघ और उससे जुड़े संगठनों के 190 पदाधिकारी जुटेंगे। संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से जुड़े सभी लोग इस बैठक में हिस्सा लेंगे। उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, मणिपुर, झारखंड, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, उत्तराखंड, असम और अरुणाचल प्रदेश में सरकार के अब तक के कार्यकाल की भी समीक्षा होगी। संगठन और सरकार के बीच इन राज्यों में कैसा तालमेल है और बेहतर तालमेल कायम करने के लिए क्या किया जा सकता है, इस पर भी चर्चा होनी है। बैठक में हर रोज अलग अलग राज्यों पर रिपोर्ट पेश की जाएगी। रिपोर्ट में सुधार के लिए सलाह तो दी ही जाएगी बेहतरी के लिए सुझाव भी शामिल करने होंगे।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि बैठक अहम है, इसमें 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा की वापसी के लिए भी प्लानिंग बनाई जाएगी। भाजपा के सभी 281 सांसदों पर जो रिपोर्ट संघ और उससे जुड़े संगठनों के पदाधिकारियों ने तैयार की है उसे भी पेश किया जाएगा। इस रिपोर्ट में यह भी बताना होगा कि किस सांसद का जनता के बीच अब कैसा असर है। आने वाले 2019 के चुनाव में भाजपा मौजूदा सांसद को दोबारा प्रत्याशी बनाती है तो जनता उसे पसंद करेगी या नहीं। सांसद अपने लोकसभा क्षेत्र में कितना घूम रहे हैं, इस पर भी अध्ययन होगा।
28 को पहुंचेंगे मोहन भागवत
समन्वय समिति की बैठक में मौजूद रहने वाले संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत 28 अगस्त को मथुरा पहुंच जाएंगे और सरकार्यवाह सुरेश जोशी 31 अगस्त को पहुंच जाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी समन्वय समिति की इस बैठक में 1 से 3 तक किसी एक दिन मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश सरकार के र्कई मंत्रियों के भी पहुंचने की संभावना है। कई केंद्रीय मंत्रियों के आने की भी संभावना व्यक्त की जा रही है।
भाजपा शासित राज्यों में शाखाएं बढ़ाने पर होगा मंथन
मथुरा। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ भाजपा शासित राज्यों में शाखाओं की संख्या बढ़ाने की तैयारी में है। सभी प्रचारकों को इसके लिए लगाया गया है। समन्वय समिति की इस बैठक में शाखाओं के आयोजन को लेकर भी चर्चा होनी है।
शिव मंदिर के लोकार्पण की तैयारी तेज, रातों रात बनी सड़क
मथुरा/वृंदावन। आरएसएस की समन्वय समिति की बैठक में विश्व हिंदू परिषद, हिंदू जागरण, बजरंग दल, दुर्गावाहिनी, भारतीय मजदूर संघ और भाजपा के अध्यक्ष और संगठन मंत्री शामिल होंगे। बैठक में आने वाले लोगों के लिए भोजन, आवास व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवा के साथ भ्रमण की व्यवस्था की जा रही है। केशव धाम में बैठक के लिए वाटरप्रूफ पांडाल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत द्वारा केशवधाम में नवनिर्मित शिव मंदिर के लोकार्पण की तैयारियों को अंतिम रुप देने में दिया जा रहा है। सुरक्षा के दृष्टिगत आरएसएस कार्यकर्ता क्षेत्रों में निगरानी को लेकर भी सक्रिय है। वहीं, सालों से जर्जर केशवधाम जाने वाली मुख्य सड़क का भी निर्माण इस समन्वय समिति की बैठक के बहाने आखिर हो गया। सड़क ही नहीं मार्ग के विद्युत पोल, डिवाइडर, फुटपाथ दुरुस्त कर दिए गए हैं।