मैनपुरी। नगर के बाजार में गुरुवार बाजार के चलते दिन भर जाम के हालात बने रहे। सड़क पर फुटपाथ बाजार के चलते दुकानदार सड़क तक दुकानें सजाए नजर आए। जिस वजह से मार्ग संकरा हो गया और राहगीरों व वाहनों को वहां से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
तांगा स्टेंड से करहल चौराहा तक फुटपाथ बाजार के चलते जहां खरीददारों की भीड़ मार्ग में जाम का कारण बनी। वहीं बडे़ वाहनों का बाजार में प्रवेश भी जाम की वजह बना। सुबह से बने जाम के हालात शाम तक बने रहे। इस बीच पुलिस कर्मियों ने जाम की इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया।
क्रिश्चियन तिराहा से लेकर ज्योंति तिराहा तक कई बार जाम की स्थिति बनी। वहीं करहल क्षेत्र में भी बाजार में गुरुवार को जाम के हालात देखने को मिले। बड़े वाहनों का बाजार में बेरोकटोक प्रवेश के चलते काफी देर तक मार्ग पर जाम लगा रहा। सदर बाजार में सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण के चलते लोगों को परेशानी हुई।