विधानसभा चुनाव का बिगुल फुंक चुका है। इसी के साथ प्रशासन ने भी शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने के लिए अभी से कमर कस ली है। विभिन्न अधिकारियों की निर्वाचन से जुड़ी जिम्मेदारी तय कर दी गई है। नामांकन पत्र लेने से जमा करने तक की रूपरेखा तय कर ली गई है।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान जिलाधिकारी गौरव दयाल ने बताया कि जिले में 11 फरवरी को मतदान होगा। इसके लिए 17 से 24 जनवरी के बीच कलेक्ट्रेट में नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। इसके लिए विधानसभावार न्यायालय कक्ष निर्धारित कर दिए हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए न्यायालय में प्रत्याशी के अलावा सिर्फ चार लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। कलेक्ट्रेट के अंदर जुलूस प्रतिबंधित रहेंगे। भीड़ को देखते हुए सदरभट्ठी की तरफ वाला कलेक्ट्रेट का गेट भी खोला जाएगा। बताया कि शांतिपूर्वक चुनाव कराने के लिए जिले को 51 जोन और 329 सेक्टरों में बांटा जाएगा। डीएम ने बताया कि टूंडला रोड, शाहदरा स्थित मंडी समिति से पार्टी प्रस्थान करेंगी। यहीं पर ईवीएम जमा होंगी और यहीं मतगणना होगी।
सिर्फ दो विधानसभा क्षेत्रों में प्रयोग होगी वीवीपेट मशीन
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पहली बार मतदाता वोट डलने के बाद वोट डला या नहीं, इसे सुनिश्चित करने के लिए इसकी प्रिंट पर्ची देख सकेंगे। हालांकि वे इसे अपने साथ नहीं ले जा सकेंगे। वोट डालने के बाद यदि मतदाता सुनिश्चित करना चाहता है कि उसका वोट ठीक पड़ा है या नहीं, इसके लिए ईवीएम के पास ही एक वीवीपेट मशीन रखी होगी। जोकि ईवीएम से कनेक्ट होगी। वोट डालने के बाद वे वीवीपेट के माध्यम से पर्ची निकाल सकेंगे। मगर, इस पर्ची को फाड़ नहीं सकेंगे। कुछ क्षणों के बाद यह पर्ची मशीन में आगे बढ़ जाएगी। मतदाता सिर्फ इसका अवलोकन कर सकेंगे। वीवीपेट मशीन का पहली बार प्रयोग होगा। पहले चरण में सिर्फ दो विधानसभा क्षेत्रों (आगरा छावनी और दक्षिण) के मतदाताओं को ही यह सुविधा मिलेगी।
विधानसभा यहां से प्राप्त होंगे नामांकन पत्र
एत्मादपुर जिलाधिकारी कक्ष
छावनी अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम
दक्षिण अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय
उत्तर अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय
ग्रामीण उप जिलाधिकारी सदर, कक्ष संख्या (कलेक्ट्रेट) 7
फतेहपुर सीकरी अपर जिलाधिकारी नगर
खेरागढ़ नगर मजिस्ट्रेट
फतेहाबाद अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति
बाह बंदोबस्त अधिकारी, चकबंदी, कक्ष संख्या (कलेक्ट्रेट) 4