साइबर अपराधियों ने झांसे में लेकर क्रेडिट कार्ड से 50 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने सही समय पर पुलिस को सूचना दी। जिससे पुलिस ने खाते में रकम वापस करा दी।
क्रेडिट कार्ड की अच्छी लिमिट और आकर्षक ऑफर का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने बिचपुरी निवासी सुरेंद्र शर्मा के क्रेडिट कार्ड से 50 हजार रुपये निकाल लिए। सही समय पर मिली सूचना पर साइबर क्राइम सेल ने कार्रवाई करते हुए उनकी पूरी रकम वापस करा दी।
विज्ञापन
शिकायतकर्ता सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि 22 अक्तूबर को जालसाजों ने मोबाइल हैक कर ऑनलाइन धोखाधड़ी की थी। इसकी शिकायत साइबर क्राइम सेल में की गई। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर टीम ने संबंधित बैंक और अन्य संस्थाओं से समन्वय स्थापित किया। जांच के दौरान संदिग्ध खातों को फ्रीज कराया और उन खातों से किए गए ऑनलाइन ऑर्डर निरस्त कराए। इसके बाद ठगी गई पूरी धनराशि वापस करा दी गई। रकम मिलने पर शिकायतकर्ता ने पुलिस का आभार जताया।
क्रेडिट कार्ड लिमिट, छूट और कैशबैक के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल व लिंक से बचें। ओटीपी, सीवीवी और पिन साझा न करें। साइबर ठगी होने पर 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। नज़दीकी थाने को सूचना दें। -आदित्य सिंह, डीसीपी साइबर क्राइम